दर्दनाक हादसाः अनियंत्रित होकर कार खाई में गिरी,एक व्यक्ति की मौत; 5 गंभीर घायल; उड़े परखच्चे
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 09:20 AM (IST)

रुद्रप्रयागः उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार को पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक कार खाई में गिर गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो बच्चों सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शाम करीब पौने छह बजे केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुंड और काकड़ागाड़ के मध्य उस समय हुई जब पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक कार अनियंत्रित होकर नदी किनारे खाई में गिर गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला, जबकि पांच अन्य घायल थे। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अगस्त्यमुनि भेजा गया।
दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के शांति नगर निवासी 40 वर्षीय मुकेश कुमार की मौत हो गई। घायलों में मृतक की पत्नी अंजलि मौर्य (32), पुत्री अमोली (5), लखनऊ निवासी अरुण मौर्य (40), उनकी पत्नी रचना और ढाई वर्षीय पुत्री पीहू शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब ये सभी कुंड से रुद्रप्रयाग की ओर लौट रहे थे।