नैनीताल के पूर्व मुख्य कोषाधिकारी और एकाउंटेंट की बढ़ी मुश्किलें, जानिए क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 09:17 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कर्मचारियों से घूस लेने के आरोप में जेल में बंद नैनीताल के पूर्व मुख्य कोषाधिकारी (सीटीओ) दिनेश सिंह राणा और पूर्व लेखाधिकारी बसंत जोशी की जमानत के मामले में मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आरोपियों के जमानत प्रार्थना पत्र पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो पाई। अदालत मामले को दूसरी बेंच को भेज दिया। आज यह मामला सुनवाई के लिए न्यायमूर्ति आलोक महरा की पीठ में लगा था।

न्यायमूर्ति महरा ने इस मामले को सुनने से इनकार करते हुए इसे अन्य पीठ को भेज दिया। अब मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंदर इस मामले में नई पीठ का गठन करेंगे। उल्लेखनीय कि आरोपी 09 मई से जेल में बंद हैं। विजिलेंस ने दोनों आरोपियों को उच्च न्यायालय के कर्मचारियों से 120000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उच्च न्यायालय के कर्मचारियों को वेतन में एसीपी का लाभ दिलाने के लिए तैयार रिपोर्ट के बदले में घूस की मांग की थी। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने आरोपी सीटीओ और एकाउंटेंट को उनके कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। विजिलेंस ने दोनों के खिलाफ अनुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है । 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News