नैनीताल दुष्कर्म मामला: ठेकेदार उस्मान खान की जमानत पर HC में सुनवाई आज... 12 साल की बच्ची से दरिंदगी का आरोप

punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 08:42 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में 12 साल की बच्ची के कथित यौन शोषण के आरोपी उस्मान खान की जमानत पर आज यानी शुक्रवार को फिर सुनवाई होगी। आरोपी के जमानत प्रार्थना पत्र पर गुरुवार को न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की पीठ में सुनवाई हुई।

आरोपी की ओर से कहा गया कि उस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उसे साजिशन फंसाया गया है। उसके खिलाफ यौन शोषण से संबंधित सबूत मौजूद नहीं हैं। यह भी कहा गया कि पीड़ति के बयानों में भारी विरोधाभास है। गत 12 अप्रैल को जिस दिन यौन शोषण की घटना बताई जा रही है। सीसीटीवी में उससे संबंधित तथ्य मौजूद नहीं हैं। दूसरी ओर सरकार की ओर से कहा गया कि पीड़िता के साथ यौन शोषण से संबंधित तथ्य मौजूद हैं। फोरेंसिक जांच में भी कुछ तथ्य हाथ लगे हैं।

अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की सुनवाई के लिए शुक्रवार की तिथि तय की है। उल्लेखनीय है कि बच्ची के यौन शोषण का मामला 30 अप्रैल को सामने आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रसूखदार ठेकेदार उस्मान को गिरफ्तार कर लिया था। तब से आरोपी जेल में बंद है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News