उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में बारिश की चेतावनी ! ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से गिरा तापमान, अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 08:36 AM (IST)

देहरादूनः मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज भी बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज यानी शनिवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कई इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
आपको बताते चले कि उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड, औली और मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। केदारनाथ में भगवान के दर्शन करने आए श्रद्धालु बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए। इस बार अक्टूबर में ही सीजन की पहली बर्फबारी हो गई है। राज्य के निचले इलाकों में बारिश हो रही है। कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने से प्रदेश में ठंड के मौसम का आगाज हो गया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार तक प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश और 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसे देखते हुए चमोली जिला प्रशासन ने रविवार को ही छह और सात अक्टूबर को ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी थी। अधिकारियों ने बारिश और बर्फबारी की चेतावनी के मद्देनजर लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है। तीर्थयात्रियों से भी गर्म कपड़े साथ रखने तथा पर्याप्त सावधानी बरतने को कहा गया है।