पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए हवाई सेवा शुरू, जानिए यात्रियों को कितना देना होगा किराया
punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 03:08 PM (IST)

पिथौरागढ़ः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी के लिए बुधवार से हवाई सेवा प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल इस हेली सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि अब सीमांत पर्यटन नगरी मुनस्यारी के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग हेली सेवा का लाभ उठा सकेंगे। यह सफर मात्र 15 मिनट में पूरा होगा। यात्रियों को इसके लिए 2500 रुपये किराया देना होगा।
उड़ान योजना के तहत इस रूट पर हेरिटेज एविएशन का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दो उड़ान संचालित की जाएंगी। सीएम धामी ने यह भी कहा कि इस हेली सेवा से पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी और सीमांत क्षेत्रों के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। आपदा प्रबंधन और आपात स्थितियों में यह सेवा जीवन रेखा साबित होगी। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष जगदीश रावत ने कहा कि हेली सेवा से पर्यटन को सीधा लाभ होगा और पर्यटकों की आवाजाही सुगम होगी।
हेरिटेज एविएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित माथुर ने कहा कि कंपनी यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सेवा प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा कि प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और सेवा के सुचारू संचालन हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।