उत्तराखंड के बलिदानी को मिला ‘गार्ड ऑफ आनर’, भारत-चीन युद्ध में हुए थे शहीद

punjabkesari.in Tuesday, Nov 18, 2025 - 11:27 AM (IST)

पौड़ी गढ़वालः उत्तराखंड के बलिदानी लांस नायक त्रिलोक सिंह नेगी को ‘गार्ड आफ आनर’ से सम्मानित किया गया। 1962 के भारत-चीन युद्ध में देश की रक्षा करते शहीद हुए थे। वहीं, शहीद लांस नायक त्रिलोक सिंह नेगी को 63 वर्षों बाद गढ़वाल रेजिमेंट ने सैन्य सम्मान दिया है। इसके चलते पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सतपुली के पास बौंसाल में बलिदानी त्रिलोक सिंह नेगी की स्मृति बनी हुई है। यहां गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर की ओर से बनाए गए शौर्य द्वार का सोमवार को अनावरण किया गया। रेजीमेंट के ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने वर्चुवल माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अनावरण किया। इस मौके पर ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने कहा कि बलिदानी त्रिलोक सिंह नेगी ने भारत-चीन युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दिया था। युद्ध के मैदान में भारत मां के सपूत ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी स्मृतियां राष्ट्र और राज्य को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। वहीं, बलिदानी को सेना की ओर से ‘गार्ड ऑफ आनर’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मेजर पालेंद्र सिंह व मेजर आदित्य यादव (लैंसडौन के अभिलेख कार्यालय में तैनात) भी मौजूद रहे। इस मौके पर रेजिमेंट सेंटर की ओर से बलिदानी त्रिलोक सिंह नेगी की स्मृती पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्थानीय लोगों ने शहीद के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान त्रिलोक सिंह नेगी अमर रहे के नारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। वहीं, क्षेत्र को लोग गर्व महसूस कर रहे थे।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News