उत्तराखंड में आईटीबीपी जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दीपावली पर घर लौट रहे थे
punjabkesari.in Monday, Oct 20, 2025 - 02:33 PM (IST)
चंपावतः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तैनात जवान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। बताया गया कि आईटीबीपी जवान दीपावली की छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है। जहां शनिवार को सियाड़ी के पास टैक्सी में जवान अचेत पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान की पहचान 34 वर्षीय संजय यादव निवासी रेवाड़ी हरियाणा के रूप में हुई है।
संजय यादव 14वीं बटालियन आईटीबीपी जाजरदेवल (पिथौरागढ़) में पिछले दो वर्ष से तैनात थे। जवान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। सूचना पर पुलिस ने जवान का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सम्मान के साथ उसके घर हरियाणा भेज दिया गया है।
