Uttarakhand News... पवलगढ़ का नाम हुआ अब सीतावनी कंजर्वेशन, शासनादेश जारी
punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2024 - 12:55 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड की धामी सरकार ने श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के पवलगढ़ कंजर्वेशन रिज़र्व का नाम बदल कर सीतावनी कंजर्वेशन रिज़र्व रख दिया है। इस संदर्भ में शनिवार देर रात आदेश जारी किया गया है।
सीतावनी कंजर्वेशन रिज़र्व में मां सीता का पौराणिक मंदिर और महा ऋषि वाल्मीकि आश्रम है, जिसकी देखरेख भारतीय पुरातत्व विभाग करता है और यहां जाने की अनुमति वन विभाग देता है। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार देश की पहली ऐसी सरकार बन गई है, जिसने एक संरक्षित क्षेत्र का नाम मां सीता के नाम पर रखा है। ये जंगल 5824.76 हैक्टेयर क्षेत्रफल में फैला है, जो बाघ, हाथी, पक्षी तथा तितलियों के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थ यात्री भी जाते है। इस जंगल को सीतावनी कंजर्वेशन रिजर्व घोषित किए जाने की मांग, नैनीताल जनपद के राम नगर और आसपास के कई छोटे बच्चो ने पत्र लिख कर मुख्यमंत्री से की थी।
वहीं पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रभु राम का उत्तराखंड की देव भूमि से संबंध रहा है। इसी क्रम में पवल गढ़ कंजर्वेशन रिज़र्व का नाम बदल कर अब सीतावनी किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बारे में कई बच्चों ने तथा स्थानीय लोगों द्वारा पत्र लिख कर अनुरोध भी किया था और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है।