उत्तराखंड के स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, सुरक्षा व्यवस्था रहेंगी चाक-चौबंद

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2023 - 12:45 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के दौरे पर आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नौ नवंबर को राजधानी देहरादून में प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मौजूद रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक चौबंद रहेंगी।

उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, तीन दिवसीय दौरे पर आ रही राष्ट्रपति मंगलवार को लगभग दोपहर दो बजे ऊधमसिंह नगर जनपद के पंतनगर पहुंचेंगी। पंतनगर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उनका काफिला गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय पहुंचेगा और वह यहां लगभग एक घंटा रुकेंगी। राष्ट्रपति यहां कृषि के क्षेत्र में अहम स्थान रखने वाले पंतनगर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। यहां से महामहिम सीधे देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगी। अगले दिन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके साथ ही राष्ट्रपति नौ नवम्बर को प्रदेश के स्थापना दिवस पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी।

वहीं राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पंतनगर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहेगी। शासन और प्रशासन चौकन्ना है। केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ राष्ट्रपति के दौरे को अंतिम रूप दे दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय भारी वाहनों पर सोमवार सुबह सात बजे से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ऊधमसिंह नगर पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति की सुरक्षा को अंतिम रूप दे दिया गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक योगम्बर सिंह रावत ने बताया कि एक हजार से अधिक पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। इस दौरान पांच आईपीएस अधिकारी, सात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। साथ ही 16 एसएचओ के साथ ही पुलिस के 800 जवान और पीएसी की दो कंपनियां सुरक्षा में डटी रहेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News