देहरादून में नाबालिग लड़की का धर्मांतरण, घर आकर ब्रेन वॉश करता था आरोपी; FIR दर्ज
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 04:14 PM (IST)
देहरादूनः राजधानी देहरादून में एक 15 साल की लड़की के धर्म परिवर्तन से जुड़ा मामला सामने आया है। लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मां का आरोप है कि राशिद नाम का युवक उनकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर उसे मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। राशिद और उसका परिवार उसी मकान में किराए पर रहते हैं, जहां पीड़िता का परिवार भी रहता है।
शिकायत के अनुसार, जब मां घर पर नहीं होती थी, तब राशिद अक्सर उनके घर आता-जाता था और लड़की से नजदीकियां बढ़ा लीं। मां का कहना है कि उसने उनकी बेटी को बहलाकर अपने प्रभाव में लिया और उसके पहनावे, बोलचाल और व्यवहार में बदलाव लाने की कोशिश की।
इस मामले में एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि डोईवाला थाना क्षेत्र में शिकायत के आधार पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एक महिला समेत तीन आरोपी हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
