उत्तराखंड में भीषण हादसाः गहरी खाई में गिरी कार, युवक की दर्दनाक मौत ! परिजनों में मचा कोहराम
punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 10:31 AM (IST)
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में शुक्रवार को भीषण हादसा हुआ। जहां अनियंत्रित होकर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत की सूचना मिली है। जबकि एक अन्य गंभीर घायल हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बाड़ेछीना–शेराघाट मोटर मार्ग पर हुई है। जहां शुक्रवार को जमराड़ी पावर हाउस के पास अल्टो कार संख्या UK 01 1564 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बताया गया कि कार कनारीछीना से सवारी छोड़कर वापस जमराड़ी लौट रही थी। इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ है।
आनन-फानन में गंभीर घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान कार सवार जमराड़ी निवासी 34 वर्षीय महिपाल नेगी पुत्र चंद्र सिंह के रूप में हुई है। जबकि वाहन चालक बागेश्वर निवासी नीरज सिंह गैड़ा पुत्र राम सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों समेत पूरे गांव में शोक की लहर है।
