"हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले की CBI से हो जांच", कांग्रेस ने की मांग

punjabkesari.in Saturday, Jun 29, 2024 - 02:16 PM (IST)

देहरादून: कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने हरिद्वार में 13 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की शुक्रवार को मांग की और कहा कि महिलाओं के विरूद्ध हो रहे अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता ने पार्टी के महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब कर दिया है। 

"भाजपा का महिला विरोधी चेहरा हुआ उजागर"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता आदित्यराज सैनी का नाम घटना के संबंध में सामने आने पर पार्टी ने तत्काल उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। उसका सहयोगी अमित सैनी उन छह आरोपियों में शामिल हैं जिन्हें घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है जबकि आदित्यराज सैनी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख करन माहरा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में भाजपा नेताओं की संलिप्तता से पार्टी का महिला विरोधी चेहरा उजागर हुआ है और उसके 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के नारे की पोल खुल गई है।' माहरा ने हरिद्वार में हुई घटना को 'मानवता को शर्मसार तथा 'देवभूमि को कलंकित' करने वाली घटना करार किया। 

भाजपा सरकार पर अंकिता के हत्यारों को बचाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसी वजह से भाजपा नेताओं के हौसले बढ़ते गए और आज हरिद्वार के बहादराबाद में एक दलित किशोरी को अपनी अस्मिता और जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हत्या, चोरी, डकैती, दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा, ‘‘अंकिता भंडारी, हेमा नेगी, पिंकी हत्याकांड, चंपावत में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मंगलौर में सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर में लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास, द्वाराहाट में नाबालिग दलित के साथ दुष्कर्म, देहरादून में महिला को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म और बहादराबाद में 13 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं मानवता को शर्मसार और देवभूमि को कलंकित करने वाली हैं।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News