लोकसभा चुनाव परिणामों पर कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया- केंद्र की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जनादेश

punjabkesari.in Thursday, Jun 06, 2024 - 02:09 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने लोकसभा चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी सरकार की जन विरोधी, किसान विरोधी, बेरोजगार विरोधी, महिला विरोधी एवं संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनादेश दिया है।

राजीव महर्षि ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में जिस प्रकार देश की जनता को अपनी हिटलरशाही से प्रताड़ति किया, उसका जवाब देशवासियों ने देशभर में भाजपा के खिलाफ मतदान के रूप में दिया। महर्षि ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले दो कार्यकालों में महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर रही है। आम जरूरत की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं तथा आम आदमी को दो जून की रोटी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। देश में बेरोजगारों की फौज दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मोदी सरकार ने अग्निवीर जैसी योजना लागू कर देश के नौजवानों का भविष्य चौपट करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को अपनी जायज मांगों के लिए खेती का काम छोड़कर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम नहीं मिलने के कारण कर्ज में डूबा किसान आत्म हत्या को मजबूर हो रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार का बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ का नारा जुमला साबित हुआ है। आज महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों से महिलायें अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर समाज में वैमनस्यता फैलाने की कुचेष्टा की जा रही है। विपक्ष द्वारा आम जनता की आवाज उठाने पर उनके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का बेजा दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी की हिटलरशाही से निजात पाना चाहती थी इसीलिए उसने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ जनादेश दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News