उत्तराखंड में फ्री फायर गेम खेलते हुए लड़के से हो गई दोस्ती, मिलने के लिए घर से भागी 2 लड़कियों को पुलिस ने ढूंढा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 05, 2025 - 11:02 AM (IST)

देहरादूनः ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर' खेलने के दौरान बने मित्र से मिलने के लिए घर से भागी दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने पंजाब जिले के विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 13 और 17 वर्षीय दोनों लड़कियों को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पंजाब के राजपुरा में बस स्टैंड पर ढूंढ निकाला गया और वहां से यहां लाकर उनके परिजनों के सुपर्द कर दिया गया।

दोनों लड़कियों के संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया गया था प्रचार-प्रसार 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके साथ ही रहने वाली उसकी 13 वर्षीय भतीजी और पड़ोस में रहने वाली उसकी 17 वर्षीय सहेली दो फरवरी को एक साथ बिना बताए कहीं चली गई हैं तथा काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं लग रहा है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा नाबालिगों के परिजनों, आस-पास रहने वाले लोगों व दोस्तों से पूछताछ की गई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। पुलिस ने बताया कि दोनों गुमशुदा लड़कियों के संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया गया और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए पुलिस को पता चला कि दोनों हरियाणा के अंबाला में हैं, जिस पर पुलिस वहां के लिए रवाना हुई लेकिन इसी बीच लड़कियों की लोकेशन वहां से बाहर जाने की मिली।

पुलिस ने दोनों लड़कियों को पंजाब से किया सकुशल बरामद 
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सर्विलांस से उनके पंजाब के राजपुरा में बस स्टैंड पर होने का पता चला, वहां पहुंचकर पुलिस ने उन दोनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों लड़कियों ने बताया कि वे दोनों ऑनलाइन ‘फ्री फायर' गेम के दौरान बने उनके एक मित्र से मिलने के लिये स्वयं ही अपने घर से भाग आई हैं। वहीं, दोनों लड़कियों ने अपने साथ किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य होने से इंकार किया है। जिसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News