उत्तराखंड के इस इलाके में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक उठी आग की लपटें; मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Thursday, Aug 28, 2025 - 02:50 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के नैनीताल में बुधवार रात को ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल कर खाक हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात को लगभग 10 बजे हुई। भीड़भाड़ भरे बाजार में रात को यकायक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस, अग्निशमन बल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।      

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी और एसडीएम नवाजिश खलिक भी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले आसपास की दुकानों और मकानों को खाली कराया गया। आग की भयावहता को देखते हुए हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर, अल्मोड़ा और लालकुआं से आग बुझाने वाले वाहन बुलाए गए। बताया जा रहा है कि आग ने दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया। जिस भवन में आग लगी वह ओल्ड लंदन हाउस बताया जा रहा है। जिसे वर्ष 1863 में अंग्रेजों ने बनाया था। यह पूरी तरह से लकड़ी का बना था।

देर रात 12 बजे तक फायर टीम ने आग पर काबू पा लिया है। कुछ देर बाद घर की तलाशी ली गई। एडीएम नेगी के अनुसार घर से एक शव बरामद हुआ। शव लापता महिला का बताया जा रहा है। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को अस्पताल में मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News