अल्मोड़ाः मादक पदार्थ को बताया सब्जी और भागने की फिराक में थे दो शातिर भाई, पुलिस ने गांजे समेत दबोचा

punjabkesari.in Tuesday, May 20, 2025 - 04:27 PM (IST)

अल्मोड़ाः अल्मोड़ा पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। यहां पुलिस ने लाखों के गांजे समेत दो शातिर भाइयों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त सूचना के मुताबिक दोनों शातिर भाइयों ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। बताया गया कि दोनों ने पुलिस को मादक पदार्थ को सब्जी बताया। लेकिन पुलिस की सतर्कता से दोनों गिरफ्तार हो गए।  बताया गया कि आरोपी गांजे को सराईखेत से रामनगर ले जा रहे थे।

दरअसल, यह पूरा मामला अल्मोड़ा जिले के सल्ट थाना क्षेत्र का है। यहां रविवार को पुलिस ने मरचूला के पास चेकिंग अभियान चला रखा था। इसी बीच एक पिकअप वाहन की भी चेकिंग हुई। पुलिस ने वाहन के चालक से पूछताछ की। साथ ही गाड़ी में रखे कट्टों के बारे में जानकारी ली। जिस पर चालक विशाल सिंह और परिचालक भूरे ने कहा कि कट्टों में सब्जी है। लेकिन पुलिस को उन पर शक हुआ। जिस पर पुलिस ने दोनों कट्टों को खुलवाया। जिसमें 16.895 किलो गांजा मिला। मौके पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चचेरे-तहेरे भाई हैं, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। वर्तमान में दोनों रामनगर जिला नैनीताल में रह रहे है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की गई। साथ ही वाहन सीज कर दिया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News