Uttarakhand Weather: बारिश और बर्फबारी ने उत्तराखंड में बढ़ाई ठिठुरन, जानिए आज के मौसम का हाल
punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2025 - 09:08 AM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दरअसल, ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है। जबकि शेष इलाकों में बारिश के चलते तापमान नीचे चला गया है। जिससे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई। वहीं, आज यानी गुरुवार को राज्यभर का मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में बारिश होने से ठंड और ठिठुरन बढ़ गई। वहीं, राजधानी देहरादून समेत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और टिहरी जनपद में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश के चारों धाम के साथ ही पहाड़ी चोटियों में हल्का हिमपात हुआ, जिसके चलते यहां के आसपास के इलाकों में सर्दी बढ़ गई और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि आज यानी गुरुवार को राज्यभर का मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी देहरादून का आसमान साफ रहने का अनुमान है। जबकि सुबह के समय हल्का कुहासा देखा जा सकता है।
बता दें कि बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आज देहरादून का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।