उत्तराखंड कैबिनेट का हुआ विस्तार, पांच नए मंत्री शामिल हुए ... संख्या बढ़कर हुई 12 ; राज्यपाल ने दिलाई शपथ

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 11:21 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार हुआ। जिसमें विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को शामिल किया गया। यहां लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के अलावा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। विधायक भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जो संवैधानिक प्रावधान के अनुसार अधिकतम है। खजान दास देहरादून के राजपुर रोड से विधायक हैं, जबकि भरत सिंह चौधरी रुद्रप्रयाग, मदन कौशिक हरिद्वार, प्रदीप बत्रा रुड़की और राम सिंह कैड़ा भीमताल से विधायक हैं। चौधरी, बत्रा और कैड़ा को पहली बार मंत्री पद संभालने का अवसर मिला है, जबकि दास और कौशिक पहले भी यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार में गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के बीच संतुलन के साथ ही मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है, जिसे अगले वर्ष की शुरुआत में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि पूरी टीम मिलकर प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेगी। धामी ने कहा, ''हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और उसे आगे बढ़ने का अवसर मिले। हम सभी टीम भावना से राज्य की जनसेवा के प्रति समर्पित होकर काम करेंगे।''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News