"उत्तराखंड में सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें"...CM धामी ने दिया निर्देश
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 11:23 AM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड के अधिकांश जिलों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा सोमवार रात्रि से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेश में हो रही बारिश और उत्पन्न स्थिति राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
धामी ने कहा कि प्रदेश में सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24 घंटे सातों दिन (24*7) अलर्ट मोड में कार्य करें। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। दूसरी ओर, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिव से प्रदेशभर में बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राज्य एवं जिला स्तर के सभी आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीस घंटे सक्रिय रखते हुए प्रत्येक घटना की सतत निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कारर्वाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों तथा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाने तथा स्वयं स्थिति से रूबरू होने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा के कारण बाधित सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि अत्यधिक बारिश अथवा भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम एवं मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।
