UK News: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला कर्मचारी की मौत, बेड पर इस हालत में मिला शव; फैली सनसनी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 08, 2025 - 01:55 PM (IST)

उधम सिंह नगर: जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर में से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जहां एक निजी अस्पताल की महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। सूचना पर पुलिस ने महिला का शव बरामद किया है। बताया कि महिला का शव कमरे में बेड पर मिला पड़ा है। उसके हाथ पर कैनुला लगी हुई थी। पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के नीझड़ा में हुई है। जहां स्थित एक किराए के मकान के अंदर महिला का शव मिला है। बताया गया कि महिला गिरीताल में स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। विगत 6 अक्टूबर को महिला अस्पताल में ड्यूटी पर नहीं गई। लेकिन, वह सुबह से कमरे के बाहर भी नहीं निकली थी। ऐसे में मकान मालिक ने जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजे के ऊपर लगी जाली से बमुश्किल दरवाजे की कुंडी खोली और अंदर जाकर देखा तो महिला का शव बेड पर पड़ा हुआ था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। मकान मालिक से घटना की जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके अलावा पुलिस ने मौके पर महिला का सुसाइड नोट भी बरामद किया है। जिसमें महिला ने एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा बार-बार पैसे मांगने की बात लिखी है। वहीं, मकान मालिक ने भी बताया कि एक युवक महिला को यहां मिलने आता रहता था।
मृतक की पहचान यूपी के जिला बरेली के होली चौक शांति बिहार निवासी डिंपल भास्कर (30) के रूप में हुई है। एक साल से वह गिरीताल में स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी कर रही थी। मृतक ने सुसाइड नोट में मानपुर निवासी विशेष समुदाय के युवक पर आरोप लगाया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकता है। इसके अलावा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।