कलयुगी बेटे की दरिंदगी: कुल्हाड़ी से मां को काट डाला, 24 घंटे तक घर में छिपा रखा शव और फिर...
punjabkesari.in Friday, May 30, 2025 - 11:55 AM (IST)

अल्मोड़ाः जनपद अल्मोड़ा में कलयुगी बेटे की शर्मनाक करतूत सामने आई है। जहां बेटे ने अपनी ही मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की है। इसके बाद शातिर बेटे ने मां के शव को घर में छिपा कर रखा। ताकि किसी को इस घटना के बारे में पता न चले। इसके अलावा अपराध से बचने के लिए अकेला ही मां के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था। लेकिन, मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना भिकियासैंण तहसील के कनगढ़ी तोक की है। जहां बुधवार को एक महिला अपने बड़े बेटे आनंद राम के घर गई थी। बताया गया कि आनंद राम परिवार से अलग रहता था। इस दौरान दोनों मां-बेटे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। ऐसे में गुस्साए बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी। हमले में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद बेटे ने सबसे पहले घर में ही मां की लाश को ठिकाने लगाया। किसी को कानों कान खबर न हो इसके लिए चुपचाप मां के अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इस दौरान 24 घंटे तक महिला का शव घर में पड़ा रहा।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस बृहस्पतिवार को आरोपी के घर पर पहुंची। वहां अंत्येष्टि की तैयारियां चल रही थीं। टीम ने शव कब्जे में ले लिया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। साथ ही हत्यारोपी आनंद राम को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भिकियासैंण तहसील के राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र नैलवालपाली के कनगढ़ी तोक निवासी 71 वर्षीय गाऊली देवी पत्नी मूसी राम के रूप में हुई है। मृतका के छोटे बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हत्यारोपी बड़े बेटे आनंद राम के गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।