देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर और महिला की मौत, इस हालत में मिले शव; क्षेत्र में फैली सनसनी

punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 02:47 PM (IST)

देहरादूनः राजधानी देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर और महिला की मौत हुई है। दरअसल, यह घटना दो अलग-अलग क्षेत्रों में से सामने आई है। किशोर का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला है। जबकि महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना वसंत विहार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर खाला की है। जहां 15 वर्षीय किशोर राजन पुत्र रामवृक्ष साहनी ने घर में कमरे के अंदर फंदे से लटककर जान दी है। बताया गया कि किशोर के माता-पिता किसी काम से घर के बाहर गए हुए थे। जब वह वापस लौटे तो बेटे को कमरे में फंदे से लटका पाया। जिस पर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मरा हुआ घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

दूसरी घटना कैंट थाना क्षेत्र में स्थित ईदगाह प्रकाश नगर की है। जहां निवासी ऊषा पत्नी अवधेश कुमार की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। बताया गया कि पति के साथ झगड़ा होने के बाद पत्नी ऊषा ने यह खौफनाक कदम उठाया है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने शव बरामद किए है। दोनों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए है। इसके अलावा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News