भीमताल में बारिश का कहर! गधेरे में बहने से महिला की मौत, परिवार में छाया मातम
punjabkesari.in Friday, May 23, 2025 - 01:06 PM (IST)

भीमतालः उत्तराखंड के भीमताल में गधेरे में बहने से महिला की मौत हुई है। दरअसल, इन दिनों लगातार बारिश के कारण गधेरे में पानी का बहाव तेज था। इसी बीच बुधवार को गांव की एक महिला पाइपलाइन दुरुस्त कर रही थी। तभी अचानक महिला गधेरे में बह गई। इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव बरामद किया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना भीमताल के धारी ब्लॉक के बूढ़ीबना गांव की है। यहां बुधवार को एक महिला पाइप लाइन दुरुस्त करने के दौरान गधेरे में बह गई। परिजनों ने उसे खोजने का प्रयास किया। लेकिन रात के अंधेरे में उन्हें कुछ पता नहीं चल पाया। इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बृहस्पतिवार को महिला का शव बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान बूढ़ीबना गांव निवासी पुष्पा देवी (45) पत्नी देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। महिला की गधेरे में बहने से मौत हुई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला अपने पीछे चार बच्चों और पति को रोते बिलखते छोड़ गई है। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया है।