उत्तराखंड में बड़ा हादसाः प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा की हुई मौत, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:55 PM (IST)
उधम सिंह नगरः उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत खैरना गांव के पास एक ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से थारू जनजाति की प्रसिद्व लोक गायिका रिंकू राणा (33) की मृत्यु हो गई। रिंकू अपनी भतीजी के साथ स्कूटी पर सवार थी और रास्ते में रुककर मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौगजा, कल्याणपुर निवासी जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा पत्नी महेश राणा होली खेलने स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थी। वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थी। गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थी। तभी तेज गति से आ रहा ईंटों से ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनको टक्कर मार दी। दुर्घटना में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। आस-पास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी की हालत सामान्य है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी एवं ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमाटर्म के लिए खटीमा भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि रिंकू का एक पुत्र है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि लोक संस्कृति और लोक संगीत के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। लोक गायिका रिंकू राणा ने अपने गीतों के माध्यम से थारू समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाई है। उन्होंने पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
