नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: रोजी-रोटी कमाने निकले 2 मजदूरों की मौत, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 05:45 PM (IST)
हरिद्वार: उत्तराखंड में रुड़की के कोर कॉलेज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान महबूब (45) निवासी बेलड़ा तथा राशिद निवासी मीरानपुर कटरा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। दोनों सोमवार सुबह रोज की तरह बाइक से मजदूरी पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोर कॉलेज के पास हाईवे पर एक कंपनी के कर्मचारियों को लेने जा रही बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों के परिवारों में पसरा मातम
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की तथा बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले दोनों मजदूरों की असमय मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
