अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: कुमेरिया के पास खाई में गिरा डंपर, चालक की मौके पर मौत
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 02:16 PM (IST)
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में रविवार को एक डंपर खाई में गिरने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF) ने शव को बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मोहन से लगभग 10 किलोमीटर पहले कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक लापता हो गया। थाना भतरौंजखान पुलिस की ओर से दुर्घटना की सूचना भिकियासैंण एसडीआरएफ को दी गई। उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और चालाक की तलाश शुरू की।
एसडीआरएफ की टीम ने डंपर के चालक का शव गहरी खाई से बरामद किया। शव को बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त डंपर में एक ही व्यक्ति सवार था, जिसकी हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान जसवंत सिंह (36), निवासी ग्राम गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
