इकलौते बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त न कर सकी मां, खबर सुनते ही उठाया खौफनाक कदम, इलाके में शोक की लहर
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 10:22 AM (IST)
पिथौरागढ़: उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के एक गांव में शनिवार को एक महिला ने कथित तौर पर सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, माडेगांव के जौलखेत मैदान में सुबह दौड़ते समय पुष्पा देवी का 14 वर्षीय बेटा जतिन बेहोश हो गया जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बेटे की मौत की खबर सुनकर महिला टैक्सी पकड़कर घाट क्षेत्र में पहुंची और वहां उतरते ही सरयू नदी में कूद गई। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और टैक्सी चालक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।
पिथौरागढ़ के पुलिस थानाध्यक्ष ललित जोशी ने बताया कि प्रथमद्रष्टया लगता है कि अपने इकलौते बेटे की मौत से दुखी महिला संभवत: अपना जीवन समाप्त करने के इरादे से ही नदी में कूदी होगी। जोशी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
