हल्द्वानी में मचा हड़कंप ! एक झोपड़ी में लगी आग, सिलेंडर फटा ; गरीब का आशीयाना पूरी तरह उजड़ा
punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 01:56 PM (IST)
हल्द्वानीः उत्तराखंड में हल्द्वानी के लालडांट क्षेत्र स्थित साकेत कॉलोनी में शुक्रवार रात को एक झोपड़ी में आग लगने से उसमें रखा गैस सिलेंडर फट गया। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार झोपड़ी में रहने वाला परिवार दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। घटना के समय झोपड़ी के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया और जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने जब झोपड़ी से धुआं और लपटें उठती देखीं तो तत्काल अग्निशमन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि तब तक झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान बिस्तर, कपड़े, बर्तन और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि दीपावली के दौरान छोड़ा गया एक रॉकेट झोपड़ी की छत पर गिरा, जिससे आग भड़क उठी। आग धीरे-धीरे फैलती चली गई और अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया। मुखानी थाना पुलिस के अनुसार हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
