राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कसार देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, मानव कल्याण के लिए की कामना
punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 06:43 PM (IST)

Nainital News: उत्तराखंड के राज्यपाल लफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (Governor Gurmeet Singh) ने शनिवार को अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कसार देवी मंदिर में पूजा अर्चना की तथा मानव समाज के कल्याण की कामना की। राज्यपाल ने यहां ध्यान भी लगाया और इस शांत एवं दिव्य स्थान की प्रशंसा की।
यह स्थान अपने आप में अलौकिक- राज्यपाल
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि वह स्वयं को भाग्यशाली समझते हैं कि उनको पुन: कसार देवी मंदिर आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि यहां आकर एक अलग ही सुकून और शांति का अहसास होता है। यह स्थान अपने आप में बहुत अलौकिक है। यहां की दिव्यता एवं शांति लोगों को आकर्षित करने वाली है। स्वामी विवेकानंद जी जैसे महान व्यक्तित्व ने यहां आकर ध्यान लगाया था, यह इस क्षेत्र की दिव्यता आध्यात्मिकता का प्रमाण है। यहां की प्राचीन परंपराएं एवं गाथाएं मंत्रमुग्ध कर देने वाली हैं। उन्होंने देश विदेश के पर्यटकों से अपील की है कि यहां जरूर आएं और इस स्थान की दिव्यता का अनुभव करें।
सिंह ने कहा कि अल्मोड़ा में जागेश्वर धाम, गोलू मंदिर, कटारमल जैसे कई अन्य प्रसिद्ध पर्यटक स्थल हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को यहां आकर इन क्षेत्रों के आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व को जानना चाहिए। यहां आकर एक अलग ही अनुभूति का अहसास होता है। उन्होंने अच्छे कार्य के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की प्रशंसा की।