अच्छी खबरः स्यानाचट्टी में बनी अस्थायी झील का जलस्तर घटा... 12 फुट नीचे हुआ, पुल को आवागमन हेतु जल्द खोला जाएगा

punjabkesari.in Saturday, Aug 23, 2025 - 01:43 PM (IST)

उत्तरकाशीः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक बरसाती नाले से मलबा आने के कारण यमुना नदी में बनी अस्थायी झील से लगातार पानी की निकासी हो रही है और इसका जलस्तर लगभग 12 फुट घट गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि बरसाती नाले कुपड़ागाड़ से मलबा आने के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी में बनी इस झील से पानी निकालने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम शनिवार को देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि झील से पानी निकलने का रास्ता बन गया है और आज झील का जलस्तर 12 फुट कम हुआ। आर्य ने बताया कि स्यानाचट्टी पुल अब सुरक्षित है और वहां सफाई का कार्य किया जा रहा है। पुल को जल्द ही पुलिस की निगरानी में आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

भारी बारिश के कारण बृहस्पतिवार शाम कुपड़ागाड़ से आए मलबे की वजह से नदी में बनी अस्थायी झील से यमुनोत्री के प्रमुख पड़ाव स्यानाचट्टी कस्बे में मकानों, होटलों और अन्य इमारतों में पानी भर गया था। इस दौरान स्यानाचट्टी पुल लगभग दो फुट पानी में डूब गया था, जिससे आवाजाही बाधित हो गई थी। स्यानाचट्टी में लगभग 25-30 मकान और 20-25 होटलों में पानी घुस गया था, जिनसे करीब 300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

जिलाधिकारी स्वयं शुक्रवार को राफ्ट में बैठकर झील के दूसरे किनारे पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बात कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि स्वास्थ्य, राजस्व और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल भी मौके पर मौजूद रहे और स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें भरोसा दिलाया कि हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News