आपदा धन राशि नहीं मिलने पर आक्रोशित भीड़ पहुंची तहसील कैंपस खटीमा, SDAM का किया घेराव

punjabkesari.in Monday, Aug 12, 2024 - 05:13 PM (IST)

उधम सिंह नगरः प्रदेश के खटीमा क्षेत्र में बाढ़ आपदा को लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी आपदा पीड़ित लोगों को सहायता राशि नहीं मिली। इसके चलते क्षेत्र के आक्रोशित लोगों ने आज तहसील कैंपस खटीमा पहुंचकर एसडीएम खटीमा का घेराव किया। उन्होंने आपदा धन राशि नहीं मिलने को लेकर बॉबी राठौर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कांग्रेस के नेतृत्व में एसडीएम खटीमा रविंद्र सिंह से मुलाकात की।

दरअसल, बीते 8 जुलाई को खटीमा क्षेत्र में बाढ़ आपदा आई थी। जिस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत सहायता राशि के नाम पर पीड़ित परिवारों को तत्काल 5000रू की धनराशि दिलाने के निर्देश दिए थे। परंतु एक माह से ऊपर बीत जाने के बाद भी पीड़ित आपदा प्रभावित परिवार को अभी तक धनराशि नहीं मिल पाई है। वहीं इस मामले में बॉबी राठौर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कांग्रेस ने बताया कि इस आपदा राशि का किसी परिवार में तो दो व तीन-तीन चेक मिले हैं और कहीं एक भी चेक आपदा राशि के नाम से प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं उन्होंने उप जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि आपदा धनराशि मुहैया कराई जाए।

वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिला अधिकारी खटीमा ने शीघ्र धनराशि वितरण किए जाने का आश्वासन दिया है। इसी के साथ ये बात भी गौर करने वाली है कि आपदा को बीते लगभग एक माह हो चुका है, उसके बावजूद भी शासन प्रशासन के ढुलमुल रवैया के कारण पीड़ित परिवार आपदा धनराशि मिलने से वंचित है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News