देहरादून में बड़ी वारदात ! धारदार हथियार से युवती का काटा गला, बेरहमी से की हत्या, पूरे इलाके में फैली सनसनी
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 01:12 PM (IST)
देहरादूनः राजधानी देहरादून में से एक बार फिर दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां धारदार हथियार से युवती का गला रेतकर हत्या की गई। बताया गया कि युवती के घर के बाहर आए बाइक सवार युवक ने घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना देहरादून के मच्छी बाजार में हुई है। जहां 23 वर्षीय गुन्नू नाम की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया गया कि आज सुबह गुन्नू के घर के बाहर बाइक से युवक आया था। तभी घर से बाहर जा रही युवती को रोका और उससे बात करने लगा। इसी दौरान युवक ने चापड़ से उसका गला रेत दिया। हमले के बाद लहूलुहान हालत में युवती को आनन-फानन में दून चिकित्सालय ले जाया गया। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती ने दम तोड़ दिया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार, निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हमले के कारणों को लेकर सख्ती से सवाल किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
