उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा चुनाव अधिकारी नियुक्तः Uttarakhand News
punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 09:07 AM (IST)

देहरादूनः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष पद के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने यहां यह जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में भी संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। जो राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की चयन प्रक्रिया को भी संपन्न कराएंगे। मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से पार्टी के लोकसभा सांसद हैं। दास ने बताया कि चूंकि अब प्रदेश में बूथ, मंडल और जिला अध्यक्षों की चयन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है इसलिए मल्होत्रा प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के लिए निर्धारित आठ सदस्यों के नामों की चयन प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय चुनाव अधिकारी की सहमति से शीघ्र अध्यक्ष पद के लिए नामांकन एवं अन्य तमाम प्रक्रिया के लिए तिथियों की घोषणा की जाएगी। दास ने कहा कि एक जुलाई तक नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इस समय राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि, उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है।