दर्दनाक हादसा ! महिला की पहाड़ी से गिरने से हुई मौत , परिजनों में मचा कोहराम
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:45 PM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत रामपुर जंगल में घास काटने गई एक महिला की मंगलवार को पहाड़ी से फिसलने के कारण मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) जवानों ने शव को गहरी खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया है।
एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज कोतवाली सोनप्रयाग से रामपुर न्यालसू जंगल क्षेत्र में घास काटने गई एक महिला के पहाड़ी से गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ के पोस्ट सोनप्रयाग से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम ने सड़क मार्ग से रामपुर तक पहुंची, तत्पश्चात मंदाकिनी नदी को पैदल पार करते हुए लगभग दो किलोमीटर की खड़ी एवं दुर्गम पहाड़ी चढ़ाई चढ़कर घटना स्थल तक पहुंच बनाई।
उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर ही घास काटते समय दुर्घटनाग्रस्त हुई महिला गीता देवी (40) पत्नी गजपाल सिंह, निवासी रामपुर न्यालसू की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। यदुवंशी ने बताया कि एसडीआरएफ टीम द्वारा रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से अत्यंत दुर्गम एवं तीव्र ढाल वाले पहाड़ी क्षेत्र से महिला के शव को लगभग तीन किलोमीटर पैदल नीचे लाया गया तथा जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
