पूर्व विधायक का Video Viral, सियासी गलियारे में मची हलचल; भीम आर्मी ने पुलिस को दी ये चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 11:01 AM (IST)

Uttarakhand News: उत्तराखंड में हरिद्वार के खानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक एक युवक के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते और आपत्तिजनक गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि वीडियो में युवक उनसे माफी मांगता नजर आ रहा है। 

वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हो गया और यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को पीड़ित पक्ष ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ लक्सर कोतवाली पहुंचकर पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर दी और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीनता दिखाई दे रही है, जिसके आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जानी चाहिए। 

पुलिस प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम
संगठन ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं की गई तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विभिन्न वर्गों में इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News