10, 11, 12, 13, 14 और 15 मार्च तक मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी, आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी की आशंका; अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:29 AM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड में आज यानी मंगलवार को पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। इन पांच जिलों में बारिश-बर्फबारी की आशंका जताई गई है। जबकि अन्य शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 15 मार्च तक विभाग ने मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, पिछले कई दिनों से राज्यभर में पारा चढ़ा हुआ है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश-बर्फबारी देखने को मिल सकती है। 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 11, 12, 13, 14 और 15 मार्च तक राज्य पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क और गर्म बना रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जबकि निचले पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, दूसरी ओर मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की गुलाबी सर्दी का एहसास जरूर हो रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धूप निकलने से दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग छह डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।
