देहरादून में पुलिसकर्मी का शव फंदे से लटका मिला, छुट्टी लेकर घर लौटे थे ; पूरे इलाके में फैली सनसनी
punjabkesari.in Saturday, Aug 23, 2025 - 03:54 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून में से दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है। जहां थाना क्षेत्र में घर के अंदर पुलिसकर्मी का शव फंदे से लटका मिला है। सूत्रों के मुताबिक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया गया कि मृतक अगरतला में त्रिपुरा पुलिस में कार्यरत थे। एक माह की छुट्टी लेकर घर लौटे थे।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। जहां त्रिपुरा के पुलिसकर्मी ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जान दी है। यह घटना शुक्रवार की बताई गई है। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। उनकी पत्नी किसी काम से घर के बाहर गई थी। इसी बीच व्यक्ति ने घर के कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। जब पत्नी घर वापिस लौटी तो पति को फंदे से लटका देखा। जिसमें उसके होश उड़ गए और वह चीखने चिल्लाने लगी।
इस घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति के शव को फंदे से उतारा। इसके बाद पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। त्रिपुरा पुलिसकर्मी की पहचान 50 वर्षीय कमलेश कुमार रावत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से देहरादून निवासी है। वर्तमान में शिवालिक कॉलोनी हरीपुर नवादा में रह रहे थे। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है।