नरेन्द्र मोदी की गारंटी का मतलब आत्मनिर्भर भारत की गारंटी है: पुष्कर सिंह धामी

punjabkesari.in Friday, Mar 08, 2024 - 04:57 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘नारी शक्ति महोत्सव' के तहत बृहस्पतिवार को यहां एक रोड शो किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी विकसित भारत की गारंटी है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी की गारंटी तब शुरू होती है जब सारी उम्मीदें खत्म हो जाती हैं। उनकी गारंटी चुनाव जीतने के लिए बनाया गया कोई ‘फॉर्मूला' नहीं है, यह गरीबों का विश्वास है।''

धामी ने कहा, ‘‘आज देश का हर गरीब जानता है कि मोदी की गारंटी पर भरोसा किया जा सकता है। गरीबों के इसी विश्वास से हमें और आप सभी को ऊर्जा मिलती है। मोदी की गारंटी का मतलब आत्मनिर्भर भारत की गारंटी है।'' रोड शो त्यागी रोड से बन्नू स्कूल मैदान तक आयोजित किया गया। रोड शो के दौरान धामी के साथ खुली जीप में टिहरी से सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल और विधायक उमेश शर्मा, खजान दास और सहदेव सिंह पुंडीर मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बन्नू स्कूल मैदान में जिले के लिए 1000 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कुल मिलाकर, 600 योजनाएं 1,055.57 करोड़ रुपए की लागत वाली हैं। इनमें 617.05 करोड़ रुपए की 270 योजनाओं का उद्घाटन और 438.52 करोड़ रुपए की 330 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

धामी ने कहा कि ये योजनाएं न केवल देहरादून बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि आज प्रदेश के सुदूर गांवों में महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। महिलाओं के पास हुनर की कभी कमी नहीं रही और अब यही हुनर उनकी और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहा है।'' उन्होंने कहा कि वित्तीय आत्मनिर्भरता से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता तक, महिलाओं को भारत की विकास यात्रा में सबसे आगे रखने के लिए कई प्रयास किए गए हैं।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में लगभग 23 करोड़ महिलाओं को जनधन खातों के माध्यम से बैंकों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News