उत्तराखंड में सनसनीखेज मामला ! संदिग्ध परिस्थितियों में ठेकेदार की मौत, इस हालत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 02:48 PM (IST)

टिहरीः उत्तराखंड में जनपद के नई टिहरी 9 बी के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक कार में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध स्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश भंडारी के रूप में हुई, जो पेशे से ठेकेदार थे। पुलिस ने शव को सुरक्षित कर पोस्टमाटर्म के लिए जिला अस्पताल बोराड़ी भेज दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का मुआयना कर सभी जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। वृत्ताधिकारी टिहरी ओशन जोशी ने कहा, हम मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। घटनास्थल से सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।

जनता से अनुरोध है कि वे शांति बनाए रखें और जांच में सहयोग करें। इस घटना पर राजनीतिक गलियारे में भी प्रतिक्रियाएं आई हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा, यह एक गंभीर और चिंताजनक मामला है। प्रशासन को चाहिए कि इस घटना की त्वरित और पारदर्शी जांच हो ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।      

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर कार के आसपास अजीब स्थिति देखने को मिली और इलाके में लंबे समय से अंधेरा होने के कारण यह घटना और भी रहस्यमय लग रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या है या किसी दुर्घटना का परिणाम। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News