बड़ा हादसा: अनियंत्रित वाहन गहरी खाई में गिरा, चालक की दर्दनाक मौत..एक की हालत गंभीर
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 02:48 PM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में रविवार सुबह एक अनियंत्रित पिकअप वाहन गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंचे राज्य आपदा मोचन बल के जवानों ने वाहन चालक का शव बरामद किया है। जबकि परिचालक को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
100 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन
एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज सुबह लगभग 04:40 बजे थाना घनसाली से सूचना प्राप्त हुई कि घुत्तू के समीप एक पिकअप वाहन खाई में गिर गया है। उक्त सूचना पर पोस्ट घनसाली से उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल को रवाना हुई। जिसे घटना स्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। जिसमें दो व्यक्ति एवं एक खच्चर सवार थे।
कड़ी मशक्कत के बाद घायल को निकाला बाहर
बताया कि टीम द्वारा त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए कड़ी मशक्कत कर एक व्यक्ति को घायल अवस्था में खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जिसकी पहचान पूरन सिंह पुत्र श्री रूप चंद्र सिंह, आयु 55 वर्ष, निवासी ग्राम साथियाला पट्टी, भिलग, टिहरी गढ़वाल है। उन्होंने बताया कि दुर्भाग्यवश वाहन चालक एवं खच्चर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। श्री यदुवंशी ने बताया कि टीम द्वारा चालक जिसका नाम बॉबी पुत्र जगबीर लाल, आयु लगभग 28 वर्ष निवासी खलासी पट्टी, पालीगढ़, टिहरी गढ़वाल के शव को बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
