देहरादून में बारिश ने मचाई तबाही... तिमली में भरभराकर गिरे नौ मकान, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 10:29 AM (IST)

देहरादूनः राजधानी देहरादून में बारिश का सिलसिला जारी है। लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है। भारी बारिश के बीच दून में स्थित तिमली गांव में नौ कच्चे मकान गिरे है। मौके पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना विकासनगर ब्लॉक के सीमांत गांव तिमली की है। जहां शनिवार और रविवार को बारिश ने कहर बरपाया है। इस दौरान करीब नौ मकान गिरने की खबर सामने आई है। गनीमत रही की हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, बारिश के चलते गांव में अन्य कच्चे मकानों के भी गिरने आशंका है। ऐसे में लोगों पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मकानों की मरम्मत के लिए मुआवजे की मांग की है। कहा कि वह मजदूरी करके अपना पेट भरते है। इस आपदा के कारण उनके मकान टूट गए है। लेकिन उनकी आर्थिकी ठीक नहीं है कि वे घरों की मरम्मत करवा सके। एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने बताया कि गांव में टीम भेजी जा रही है। नुकसान के आकलन के उपरांत पीड़ितों को नियमानुसार राहत धनराशि मुहैया करवाई जाएगी।