उत्तराखंड में यूपीसीएल, यूजीवीएनएल के प्रबंध निदेशक हटाए, अब इन्हें सौंपी जिम्मेदारी; आदेश जारी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 05:29 PM (IST)
देहरादूनः उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार देर रात उत्तराखंड ऊर्जा निगम लिमिटेड (यूपीसीएल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के प्रबंध निदेशक (एमडी) सहित तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्य मुक्त कर दिया। ये सभी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

प्रमुख सचिव, ऊर्जा, आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अब यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक यमुना वैली प्रथम डाकपत्थर और पिटकुल के प्रभारी निदेशक परिचालन गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल के एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा, यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल को भी सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 को दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक भागीरथी वैली, यूजेवीएनएल के प्रभारी निदेशक परिचालन अजय कुमार सिंह को यूजेवीएनएल एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन ने इसके अलावा यूपीसीएल के निदेशक परियोजना अजय कुमार अग्रवाल को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है। अभी उनकी जगह किसी को कार्यभार नहीं सौंपा गया है।


