उत्तराखंड में बड़ी वारदातः युवक की बेरहमी से हत्या की, ट्रक से कुचल डाला; फैली सनसनी
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 10:20 AM (IST)
भगवानपुर/हरिद्वारः उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना भगवानपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के कारण गुरुवार को एक युवक की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रताप कॉलोनी निवासी महिला ने भगवानपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ट्रक चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर, छपरौली रोड जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी राजीव ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और ट्रक चालक का काम करता है। मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर साथ उठना-बैठना और शराब पीना होता था। आरोपी के अनुसार शराब के नशे में राहुल अक्सर उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था, जिसे लेकर वह काफी समय से परेशान था। घटना वाले दिन होली के कारण छुट्टी थी।
आरोपी ने बताया कि वह अपने ट्रक के साथ भगवानपुर टोल के पास खड़ा था, जहां राहुल खाना लेकर पहुंचा। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों के बारे में अपशब्द कहने शुरू कर दिए, जिससे गुस्से में आकर उसने राहुल को ट्रक से उतार दिया। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने गुस्से में ट्रक चढ़ाकर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पर चला गया और वहीं वाहन खड़ा कर ट्रक में ही लेट गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
