आईटीबीपी के जवान की पत्नी की सड़क हादसे में मौत, परिजनों में शोक की लहर
punjabkesari.in Monday, May 26, 2025 - 04:22 PM (IST)

ऊधम सिंह नगरः सितारगंज में हुए भीषण हादसे में आईटीबीपी के जवान की पत्नी की मौत हुई है। जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दरअसल, यह घटना सितारगंज के गांव बमनपुरी के पास हुई है। यहां रविवार को जवान की पत्नी समेत एक अन्य महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान दोनों स्कूटी पर सवार थी। ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतका का पति अमिताभ आईटीबीपी के जवान है और हैदराबाद में तैनात हैं। उसकी एक चार वर्ष की बेटी भी है।
हादसे में मृतका की पहचान लक्ष्मी राणा (35) पत्नी अमिताभ सिंह राणा बरुआबाग निवासी के रूप में हुई है। जबकि मृतका की भाभी कुसुम राणा पत्नी हरीश सिंह हादसे में गंभीर घायल है। दोनों स्कूटी से सितारगंज बाजार जा रही थी। तभी यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है।