International Women's Day: PM मोदी ने ‘नारी शक्ति' को किया नमन, CM धामी ने भी महिलाओं को दी बधाई

punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 11:39 AM (IST)

International Women's Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति' को नमन किया। वहीं, इस मौके पर पीएम मोदी ने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं एक दिन के लिए उनका सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी।
 

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है और यह हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था मेरा सोशल मीडिया अकाउंट उन महिलाओं द्वारा संभाला जाएगा जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।'' ऐसा पहली बार नहीं है जब विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाएं प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालेंगी। इससे पहले 2020 में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट को 7 महिलाओं ने संभाला था।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' पर समस्त मातृशक्ति व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई दी।  सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज हमारी मातृशक्ति न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और प्रदेश की आर्थिक उन्नति में भी अहम योगदान दे रही है। आइए, इस महिला दिवस पर हम सभी मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प को और दृढ़ करें।"
 

बता दें कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य महिलाओं को समाज में एक अलग पहचान दिलवाना है।साथ ही उनके अधिकारों की रक्षा करना भी है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 20वीं शताब्दी से हुई, जहां साल 1908 में, न्यूयॉर्क में 15,000 महिलाओं ने अपने काम में सुधार, कम काम के घंटे और मतदान अधिकारों की मांग को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन किया। इसके बाद, साल 1911 में पहली बार डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, जर्मनी और स्विट्जरलैंड में महिला दिवस मनाया गया। इसके बाद साल 1975 में, यूएन ने आधिकारिक रूप से इसे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की घोषणा की, जिसके बाद से हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News