उत्तराखंड में भीषण हादसाः पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, गहरी खाई में गिरी थी कार; शादी की खुशीयां मातम में बदली
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 10:40 AM (IST)
पिथौरागढ़ः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में रविवार शाम को भीषण हादसा हुआ है। जहां नेशनल हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हुई है। बताया गया कि दंपती शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी उनके साथ यह हादसा हुआ है। दोनों मृतक सरकारी नौकरी करते थे। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानताकी के अनुसार यह घटना घाट-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर हुई है। जहां रविवार शाम को एक कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में दो लोग सवार थे। घटना में दोनों की मौके पर मौत की सूचना मिली है। बताया गया कि कार सवार दंपती थे और शादी समारोह से लौट रहे थे। बताया गया कि दोनों गंगोलीहाट में रिश्तेदारी में बारात में शामिल होने गए थे। इसके बाद पिथौरागढ़ घर वापिस लौटते समय उनकी कार गहरी खाई में गिरी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरा होने की वजह से टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। घटना में मृतकों की पहचान बजेटी निवासी योगेश कुमार(38) पुत्र स्व. जीवन राम और उनकी पत्नी निधि राज(26) के रूप में हुई है।
बताया गया कि वर्ष 2021 में योगेश और निधिराज की शादी हुई थी। मृतक महिला रानीखेत में सरकारी विभाग में कार्यरत थी। जबकि उनका पति लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ में कार्यरत था। घटना की जानकारी पर परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इसके अतिरिक्त पुलिस घटना की जांच कर रही है।
