अल्मोड़ा में भयानक हादसाः अनियंत्रित कार ने महिला को बुरी तरह कुचला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 12:14 PM (IST)

अल्मोड़ाः जनपद अल्मोड़ा में भीषण हादसा हुआ है। जहां तेज रफ्तार कार ने एक महिला को रौंद दिया है। हादसे में महिला के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है। गंभीर घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़ लिया और जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रानीखेत-हल्द्वानी हाईवे के पास हुई है। जहां रविवार को ग्राम बजीना में अनियंत्रित कार ने महिला को टक्कर मारी है। बताया गया कि रविवार दोपहर को एक महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी बीच तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि चालक कुछ सोच समझ पाता कार सीधा महिला पर चढ़ गई। घटना में महिला कार के नीचे फंस गई थी। आसपास के लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
उधर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों की स्पीड पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक पुलिस की पकड़ में है। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है। बताया गया कि कार चालक चमोली से रुद्रपुर जा रहा था। इसी बीच यह घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।