उत्तराखंड में 24 घंटे भारी ! इन जिलों में बारिश-बर्फबारी की आशंका, 26 मार्च तक मौसम विभाग ने की बड़ी भविष्यवाणी

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 09:59 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के बदरीनाथ व केदारनाथ समेत अनेक उंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों व मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी रहने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम केंद्र ने बताया कि शनिवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ आदि पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी की आशंका है। 26 मार्च तक मौसम खराब रहने का अनुमान  है।

बीते शुक्रवार को हुई बर्फबारी, हाल के वर्षों में मार्च के महीने में सबसे ज्यादा रही। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आ रही खबरों में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली समेत अनेक स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई। रुद्रप्रयाग जिला आपदा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम तक केदारनाथ धाम में चार फुट बर्फ गिर चुकी थी जबकि बर्फबारी अब भी जारी है। चमोली जिला प्रशासन ने बताया कि उंचाई वाले सभी इलाकों में बर्फ जम गयी है और देर शाम तक बदरीनाथ में दो फुट बर्फ गिर चुकी है।

मैदानी क्षेत्रों में देहरादून, हरिद्वार और अन्य इलाकों में बृहस्पतिवार शाम शुरू हुई बारिश शुक्रवार को दिन भर जारी रही जिससे ठंडक बढ़ गई। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। देहरादून मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री और बृहस्पतिवार के अधिकतम तापमान से करीब 10 डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, पंतनगर में दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री, टिहरी में 8.4 तथा मुक्तेश्वर में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बृहस्पतिवार की तुलना में क्रमश: 4.6 डिग्री, 7.6 डिग्री तथा 8.5 डिग्री कम रहा ।

मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, भारी बर्फबारी, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाओं के चलने की आशंका के कारण आरेंज अलर्ट किया है। जबकि हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी अल्मोड़ा तथा नैनीताल जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News