विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने रोपा पौधा, बर्ड वाचिंग भी की

punjabkesari.in Thursday, Jun 06, 2024 - 03:38 PM (IST)

नैनीतालः विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने नैनीताल राजभवन परिसर में औषधीय गुणों से भरपूर जिन्को बाइलोबा पौधे का रोपण किया।

राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर हम सभी को पर्यावरण के संरक्षण-संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर हम अपने पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं। पेड़ लगाने के साथ-साथ इनकी देखभाल भी जरूरी है। गुरमीत सिंह ने कहा कि हमारा पर्यावरण प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसे हमें अपने और आने वाली पीढ़ी के लिए सहेजकर रखना होगा। हमारी आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध जल, हवा, मिट्टी एवं पर्यावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण पर सभी को ध्यान देना होगा। इस अवसर पर उन्होंने वृक्ष मानव की उपाधि से विख्यात विश्वेश्वर दत्त सकलानी को भी उनकी जयंती पर याद किया और कहा कि उन्होंने रिकॉर्ड 50 लाख से अधिक पेड़-पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना अतुल्य योगदान दिया।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चिन्मय पंडया भी मौजूद रहे। इसके पश्चात् सिंह ने प्राकृतिक रूप से खूबसूरत गोल्फ कोर्स परिसर में बर्ड वॉचिंग की। इस दौरान उन्होंने कई पक्षियों को देखा, जिनमें हिमालयन चित्ता कठफोड़ा, सामान्य भुजंगा, तीतर, पहाड़ी बुलबुल, सलेटी-सिर पतफुदकी, सफेदकंठ चिलचिल आदि शामिल हैं। बर्ड वाचरों ने पक्षियों की इन प्रजातियों की विशेषता आदि के बारे में राज्यपाल को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति के अनमोल खजाने से परिपूर्ण देवभूमि उत्तराखंड की जैव विविधता विशिष्ट है, जो पर्यावरण संतुलन में अपना योगदान दे रही है। हमें इसे बचाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News