देहरादून में होली पर विवाद... दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, FIR दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 10:34 AM (IST)

देहरादून: राजधानी देहरादून के चकराता रोड पर होली पर विवाद हुआ है। जहां रंगों से भरे गुब्बारे फेंकने से दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में कई युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत चकराता रोड पर हुई है। जहां सोमवार शाम होली के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घटना की जानकारी प्राप्त की। जिसमें बताया गया कि बाजार में स्थित एक मोबाइल की दुकान के बाहर कुछ नाबालिग किशोर-किशोरियां एक दूसरे पर गुब्बारे मार रहे थे। साथ ही हुड़दंग मचा रहे थे।

दुकानदार ने उन्हें रोका तो कुछ लड़कों ने दुकान के स्वामी और उसके साथियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना में 4 लोग घायल हुए है। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के साथ गाली -गलौज की। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम में सड़क पर जाम जैसी स्थिती बन गई। मामला शांत होने के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज किया है। बताया गया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News